धर्मशाला। बड़ा भंगाल को मोबाइल नेटवर्क से जोड़ने की कवायद तेज हो गई है। जिला प्रशासन ने बीएसएनएल से टावर निर्माण के लिए आवश्यक सामान और उपकरणों की सूची मांगी है। सूची प्राप्त होते ही प्रशासन इन्हें बड़ा भंगाल पहुंचाने की व्यवस्था करेगा। भारी उपकरणों को पहुंचाने के लिए सेना के हेलिकॉप्टर की मदद ली जा सकती है। इससे पहले परिवहन की विकट समस्या के कारण यह योजना आगे नहीं बढ़ पाई थी।
बीएसएनएल के 26वें स्थापना दिवस पर वीरवार को पत्रकार वार्ता में धर्मशाला व्यावसायिक क्षेत्र के वरिष्ठ महाप्रबंधक डॉ. विपिन कुमार मौर्य ने बताया कि बड़ा-भंगाल को नेटवर्क से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन के साथ संयुक्त कार्ययोजना पर काम जारी है। डिजिटल भारत निधि परियोजना के तहत कांगड़ा और चंबा में कुल 126 4जी साइटें स्थापित की जा चुकी हैं। वर्ष 2027 की शुरुआत तक उपभोक्ताओं को 5जी सुविधा मिलने की उम्मीद है। ब्यूरो