संवाद न्यूज एजेंसी
बैजनाथ (कांगड़ा)। उपमंडल के बीड़ में तीन दिन से पेयजल की किल्लत से परेशान लोगों ने वाटर टैंक के समीप धरना देकर विरोध जताया। बीड़ पंचायत के प्रधान सुरेश ठाकुर, रोबिन ठाकुर, रणवीर सिंह, नारायण, किशोरी लाल, कपिल शर्मा, मोहन सिंह, मनीष, अनुराधा, पवना व अंजना आदि का कहना है कि बीड़, चौगान, क्योर, सुजा, लंबाहार, कोटली आदि गांवों को बीड़ के आश्रम के समीप बने वाटर टैंक से पेयजल उपलब्ध करवाया जाता है।
उनका कहना है कि इसके लिए दो नए और दो पुराने वाटर टैंक स्थापित किए गए हैं, लेकिन यह चारों वाटर टैंक लीकेज के कारण पानी को फिल्टर नहीं कर पा रहे हैं। इस कारण लोगों को स्वच्छ पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। ऊपर से तीन दिनों से इन क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति पूरी तरह से ठप है। सुरेश ठाकुर ने बताया कि इस संबंध में विभागीय अधिकारियों को कई बार अवगत करवाया गया है, लेकिन समस्या का हल नहीं हो सका है।
गांववासियों का कहना है कि चोल्ट खड्ड से इन वाटर टैंक में पानी की आपूर्ति होती है और अब जल शक्ति विभाग इस खड्ड के पानी को बिलिंग ले जा रहा है, जो सरासर गलत है। लोगों की शिकायत के बाद विभाग के सहायक अभियंता अमित ने मौके का दौरा करके लोगों को समस्या के हल के लिए आश्वस्त किया है। लोगों का कहना है कि समस्या का जल्द हल न होने पर विभागीय कार्यालय में जाकर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।