सुलह (कांगड़ा)। राधा स्वामी सत्संग ब्यास के परौर केंद्र में शनिवार और रविवार को आयोजित होने वाले सत्संग समागम के लिए संगत का पहुंचना शुरू हो गया है। बाबा गुरिंद्र सिंह ढिल्लों के दर्शन के लिए अनुयायी लगातार पहुंच रहे हैं। वीरवार सुबह से ही परौर सत्संग घर के मुख्य प्रवेश द्वार और पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग-154 पर भारी भीड़ देखी जा रही है। शनिवार देर रात तक यहां एक से दो लाख श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद है।
करीब 800 कनाल में फैले परौर सत्संग परिसर के मुख्य पंडाल और शेड भर चुके हैं। यहां दो लाख के करीब लोगों के बैठने की क्षमता है। लंगर भवन में एक साथ 50 हजार लोगों के भोजन की व्यवस्था है जहां सेवादार 10 बड़े कड़ाहों में सात क्विंटल दाल और 30 तवों पर एक साथ 3000 रोटियां तैयार कर रहे हैं। हाईवे पर यातायात सुचारु रखने के लिए परौर मेला ग्राउंड, टीका बल्ला पॉलिटेक्निक ग्राउंड, दरंग और धरोट के पास अस्थायी पार्किंग बनाई गई हैं। संगत के ठहरने का प्रबंध मुख्य पंडाल में किया गया है।
-
प्रस्तावित कार्यक्रम
शुक्रवार सुबह 10:00 बजे से नामदान पंजीकरण।
शनिवार सुबह 10:00 बजे पाठी की ओर से 30 मिनट का सत्संग। फिर बच्चों के साथ प्रश्नोत्तरी सत्र। इसके बाद खुली कार में बाबा के दर्शन व प्रसाद वितरण।
रविवार सुबह 10:00 बजे बाबा गुरिंद्र सिंह ढिल्लों का मुख्य सत्संग।
-
शनिवार और रविवार को परौर में होने वाले समागम के लिए स्वयं मौके पर जाकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया है। लगभग 120 पुलिस जवान यातायात व्यवस्था को सुचारु करने के लिए तैनात रहेंगे। इस कार्यक्रम के लिए डीएसपी पालमपुर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है जो कि इस पूरे कार्यक्रम में नजर रखेंगे। -कुलभूषण वर्मा, पुलिस अधीक्षक, कांगड़ा
::::::::::
नौ प्रमुख स्थानों पर कंट्रोल रूम स्थापित
धर्मशाला। सत्संग के लिए एचआरटीसी ने परिवहन योजना तैयार कर ली है। विभिन्न डिपो से अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। नौ प्रमुख स्थानों पर कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएंगे। एचआरटीसी पालमपुर के क्षेत्रीय प्रबंधक नितेश शर्मा को इस व्यवस्था का समग्र प्रभारी नियुक्त किया गया है। परौर कंट्रोल रूम में नगरोटा बगवां और धर्मशाला पुलिस का भी सहयोग रहेगा। इसके अलावा, जोगिंद्रनगर, बैजनाथ, पालमपुर, नगरोटा बगवां, धर्मशाला, पठानकोट, चंबा, कांगड़ा और जसूर में नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं जहां तैनात अधिकारी बसों के संचालन और भीड़ पर नजर रखेंगे। परौर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पब्लिक एड्रेस सिस्टम भी लगाया जाएगा।
मंडलीय प्रबंधक पंकज चड्ढा ने बताया कि परौर में टिकट बुकिंग के लिए धर्मशाला, पालमपुर और नगरोटा बगवां डिपो से तीन-तीन बुकिंग क्लर्क तैनात किए गए हैं। चंबा व पठानकोट से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए हैं और आवश्यकता पड़ने पर पड़ोसी डिविजनों से भी अतिरिक्त बसें मंगवाई जाएंगी। ब्यूरो