दाड़ी के धुम्मू शाह मेले के शुभारंभ पर भराड़ी माता मंदिर में पूजा अर्चना करते हुए उपायुक्त हेमरा
बोले- मेले में सीसीटीवी कैमरों से भी की जा रही सुरक्षा व्यवस्था
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। उपायुक्त हेमराज बैरवा ने मंगलवार को झंडा रस्म के साथ दाड़ी धुम्मूशाह मेले का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर दाड़ी भराड़ी माता मंदिर में पूजा-अर्चना भी की गई।
दाड़ी मेला 15 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा। उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा कि धुम्मूशाह मेला एक पुरातन मेला है। इस मेले के आयोजन के साथ जन भावनाएं जुड़ी हुई हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से मेले को भव्य स्वरूप प्रदान करने के लिए भरसक प्रयास किए गए हैं। उपायुक्त ने कहा कि मेले में कुश्तियों सहित बच्चों के लिए झूले इत्यादि लगाए गए हैं, ताकि लोगों का भरपूर मनोरंजन हो सके। इस बार दो सांस्कृतिक संध्याएं भी आयोजित की जाएंगी, जिसमें स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान किया जाएगा।
उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा कि लोगों को पेयजल की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया गया है। उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा कि मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं, ताकि किसी भी स्तर पर कानून व्यवस्था प्रभावित न हो। साथ ही मेले के सफल आयोजन के लिए कमेटियां भी गठित की गई हैं। मेला अधिकारी एसडीएम धर्मशाला संजीव भोट ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए धुम्मूशाह मेले के बारे में विस्तार से जानकारी दी।