धर्मशाला कॉलेज के ओडिटोरियम में प्रदेश अनुसूचित जाति कल्याण बोर्ड की बैठक में अपने सवाल रखते हु?
- फोटो : Kangra
धर्मशाला। अनुसूचित जाति कल्याण बोर्ड की नौवीं बैठक धर्मशाला में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जिला कांगड़ा के एससी वर्ग के लोगों के मुद्दों पर चर्चा की गई। कुल 192 मुद्दों में से जिला कांगड़ा से संबंधित 49 मामले थे, जिनका निपटारा बैठक में किया गया।
बैठक में सदस्यों ने एससी वर्ग को मिलने वाले मकानों की संख्या में बढ़ोतरी करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि बीपीएल के लिए जो मकानों की संख्या होती है उनमें एससी वर्ग के लिए नाममात्र मकान होते हैं। इसलिए इनकी संख्या को बढ़ाया जाए, जिससे की इस वर्ग के ज्यादा से ज्यादा लोग लाभान्वित हो सकें।
इसके अलावा बैठक में मांग उठाई गई कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत जो आयु 70 वर्ष रखी गई है उसे 60 वर्ष बिना किसी सालाना आय की शर्त पर किया जाए। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि इस पर विचार किया जाएगा। बैठक में सदस्य ने जयसिंहपुर में भी डॉ. भीमराव आंबेडकर भवन बनाने की मांग उठाई, ताकि क्षेत्र के लोगों को सुविधाएं मिल सकें। इसके लिए मुख्यमंत्री ने वहां पर डॉ. आंबेडकर भवन बनाने के लिए जिला प्रशासन को निर्देश दिए। इसके अलावा जिले में बने अन्य डॉ. आंबेडकर भवनों के उचित रखरखाव की मांग उठाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन भवनों के उचित रखरखाव के लिए कदम उठाए जाएंगे। इसके अलावा भी जिला कांगड़ा में कई अन्य विषयों पर चर्चा की गई। इसमें स्ट्रीट लाइट, हैंड पंप, श्मशानघाट के लिए रास्ते व आरामघर बनाने की मांग उठाई गई। गदियाडा पंचायत के वार्ड बरोल में बने श्मशानघाट के पास आराम घर बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को राशि मुहैया करवाने के निर्देश दिए। बैठक में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री सरवीन चौधरी, प्रधान सचिव आरडी नजीम, निदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विवेक भाटिया, मुख्य सचेतक एवं विधायक विक्रम जरयाल, विधायक विशाल नैहरिया, निदेशक ग्रामीण विकास ऋग्वेद ठाकुर, उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल आदि मौजूद रहे।