धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की वेबसाइट अब पहले से अधिक हाईटेक और यूजर फ्रेंडली होगी। विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन को ऑनलाइन सेवाएं आसानी से उपलब्ध करवाने के लिए बोर्ड ने वेबसाइट के अपडेशन और तकनीकी सुधार का काम शुरू किया है। वेबसाइट में आवश्यक बदलाव बैकएंड स्तर पर किए जा रहे हैं।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि वेबसाइट के रखरखाव और अपडेशन का अधिकतर काम कार्यालय समय के बाद किया जा रहा है, ताकि दिन के समय बोर्ड की नियमित ऑनलाइन सेवाओं पर इसका असर न पड़े। इसका उद्देश्य वेबसाइट को अधिक प्रभावी, सुगम और उपयोगकर्ताओं के लिए आसान बनाना है।
वेबसाइट के अपडेशन के दौरान यदि किसी विद्यार्थी, शिक्षक, अभिभावक या स्कूल को पेज खुलने या किसी ऑनलाइन सेवा के इस्तेमाल में तकनीकी परेशानी आती है तो बोर्ड से संपर्क किया जा सकता है। इसके लिए कार्य दिवसों में कार्यालय समय के दौरान हेल्पलाइन नंबर 01892-242173 पर संपर्क किया जा सकता है।
इसके अलावा उपयोगकर्ता अपनी तकनीकी समस्या या शिकायत बोर्ड की ई-मेल hpbose2011gmail.com पर भी भेज सकते हैं। बोर्ड के अनुसार प्राप्त शिकायतों को संबंधित तकनीकी टीम तक पहुंचाकर समाधान का प्रयास किया जाएगा।
डॉ. राजेश शर्मा ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों से वेबसाइट के अपडेशन के दौरान सहयोग और धैर्य बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बोर्ड का प्रयास है कि ऑनलाइन सेवाएं विद्यार्थियों और स्कूलों को सुविधाजनक तरीके से उपलब्ध होती रहें।