बैजनाथ (कांगड़ा)। नगर पंचायत बैजनाथ-पपरोला के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की कुर्सी का निर्णय 18 मार्च तक हो सकता है। 11 वार्डों के 15 हजार के करीब मतदाताओं की नप के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की कुर्सी को लेकर छह पार्षदों ने 1 फरवरी को जिलाधीश के समक्ष अविश्वास प्रस्ताव पेश किया था। जिलाधीश के आदेश पर एसडीएम देवी चंद ठाकुर ने गत 20 फरवरी को पार्षदों की बैठक आमंत्रित की थी। नियमों के तहत उस बैठक के एक माह के अंदर दोनों पदों के लिए फ्लोर टेस्ट करवाया जाना अनिवार्य होता है।
विज्ञापन
राज्य स्तरीय महाशिवरात्रि महोत्सव के चलते अब तक इस पर कोई भी कार्रवाई नहीं हो सकी थी। अब सोमवार या मंगलवार को पार्षदों से फ्लोर टेस्ट के लिए निर्देश जारी हो सकते हैं। अब तक ये छह पार्षद एकजुट नजर आ रहे हैं। 11 पार्षदों के अतिरिक्त विधायक का भी एक वोट होता है। नपं का अध्यक्ष पद एससी महिला के लिए आरक्षित होने के कारण यह मुकाबला तीन महिला पार्षदों के बीच होगा। एसडीएम देवी चंद ठाकुर ने बताया कि जल्द ही पार्षदों की बैठक आमंत्रित की जाएगी।