लंबागांव (कांगड़ा)। स्थानीय एक गांव की रहस्यमयी परिस्थितियों में गायब हुई महिला चंडीगढ़ में मिल गई है। पुलिस ने महिला को मोबाइल लोकेशन के आधार पर ढूंढ निकाला है। महिला चंडीगढ़ में अपनी प्रेमी के साथ रह रही थी। फेसबुक पर हुई यह दोस्ती प्यार में बदलकर महिला को चंडीगढ़ ले गई। महिला ने अब पति के घर जाने से मना कर दिया है। महिला का एक आठ वर्षीय लड़का भी है। महिला बेटे को भी छोड़ गई थी।
जानकारी के मुताबिक 28 साल की शादीशुदा महिला 29 जून को अचानक घर से गायब हो गई थी। इसकी घरवालों ने लंबागांव पुलिस थाने में 30 जून को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवा दी थी। लिहाजा, महिला की तलाश में जुटी पुलिस ने जब उसकी मोबाइल की लोकेशन खंगाली, तो वह चंडीगढ़ में निकली, जहां महिला अपने प्रेमी संग रह रही थी। उक्त महिला का जिला हमीरपुर के एक 24 वर्षीय युवक से फेसबुक पर प्यार हो गया था। इस पर फेसबुक की दोस्ती प्यार में बदली और प्यार इतना परवान चढ़ा कि महिला अपने पति और आठ साल के बच्चे को छोड़कर अपने प्रेमी संग चली गई। उधर, लंबागांव के एएसआई नंदलाल ने कहा कि महिला को उपमंडलीय न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया गया। वहां पर महिला ने पति के साथ रहने से मना कर दिया है।