शादी समारोह से पांच बल्टोइयां ले उड़े चोर
ढगवार पंचायत में चोरी की घटना, गगल थाना में केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। विधानसभा क्षेत्र धर्मशाला की ढगवार पंचायत में चोरों ने एक शादी समारोह को निशाना बनाते हुए बाहर रखे खाना बनाने के बर्तनों (बल्टोइयों) पर हाथ साफ कर दिया है। चोर शादी समारोह से 5 बल्टोइयां उड़ा ले गए हैं। इसका पता पीड़ित परिवार को सुबह चला।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत ढगवार के प्रवीण धीमान ने पुलिस थाना गगल में शिकायत दर्ज करवाई है कि उनके यहां लड़की की शादी थी। इस दौरान खाना बनाने के लिए उन्होंने अड़ोस-पड़ोस से बल्टोइयां लाई हुई थी। शादी के दौरान उन्होंने इस सभी सामान को घर में ही रखा था, लेकिन जब वे सुबह उठे तो चोर उनके घर से 5 बल्टोइयां उड़ा चुके थे। उन्होंने आसपास इनकी तलाश की, लेकिन कहीं भी बल्टोइयों का पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने पुलिस थाना गगल में चोरी का मामला दर्ज करवा दिया है। वहीं, इस संदर्भ में पुलिस थाना गगल के प्रभारी नरेश कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि पुलिस क्षेत्र के कबाड़ियों सहित अन्य लोगों से इस बारे पूछताछ कर रही है।