देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। देहरा में ब्यास नदी के पुल के नीचे एक बालक का शव मिला है। मृतक पिछले सप्ताह से घर से लापता था। मृतक की पहचान दीपक कुमार (14) पुत्र बालक राम खेड़ा बहादुरपुर डाकखाना चंदूरा जिला शाहजहांपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में की गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए टांडा अस्पताल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार मृतक बालक अपने परिवार सहित देहरा के हनुमान चौक में झुग्गियों में रहता था। उसके पिता बालक राम ने बताया कि दीपक देहरा के सरकारी स्कूल में नौवीं कक्षा में पढ़ता था। बीते शनिवार को वह स्कूल जाने में आनाकानी कर रहा था, जिस कारण उन्होंने दीपक को डांट लगाई थी। पिता की डांट सुन कर दीपक उसी दिन से घर से लापता था। बालक राम ने बताया कि जब दीपक काफी समय बीतने पर घर नहीं आया तो उन्होंने बेटे की तलाश शुरू कर दी, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। तब परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट देहरा थाना में दर्ज करवाई। थाना प्रभारी देहरा कुलदीप चंद ने बताया कि शुक्रवार सुबह सूचना मिली कि देहरा में ब्यास नदी पर बने पुल के नीचे एक शव तैैर रहा है। पुलिस ने मौके पर जाकर शव को कब्जे में लिया और मृतक के परिजनों से शिनाख्त करवाई। डीएसपी देहरा एलएम शर्मा ने बताया कि धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। बालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए टांडा भेज दिया गया है। मामले की छानबीन जारी है।