ज्वालामुखी (कांगड़ा)। थाना खुंडियां के अंतर्गत मझीण के घट्टा गांव के पास दर्दनाक हादसे में दो साल की मासूम की मौत हो गई। हादसा मंगलवार को उस समय हुआ, जब स्कूटी चालक टिपर से पास ले रहा था। टिपर चालक मौके से फरार हो गया है, जिसके खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सेना में कार्यरत शम्मी कुमार पुत्र किशोरी लाल निवासी त्रेमलू खुंडियां अपनी पत्नी मनीषा और दो साल की बच्ची स्मृति के साथ अपनी स्कूटी (एचपी-83-4996) पर पालमपुर से आ रहा था। घट्टा गांव के पास राधा स्वामी सत्संग भवन के नजदीक टिपर (एचपी-55बी-5030) ने जब स्कूटी को पास नहीं दिया, तब शम्मी ने साइड से स्कूटी निकालने की कोशिश की। इस दौरान उनकी बेटी स्मृति स्कूटी से गिर गई और टिपर के पिछले टायर के नीचे आ गई। इसके चलते स्मृति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं हादसे के तुरंत बाद चालक टिपर वहीं छोड़कर फरार हो गया।
स्कूटी चालक ने इस बाबत एक शिकायत पत्र थाना खुंडिया में दिया है और चालक के खिलाफ तेज रफ्तारी और लापरवाही की शिकायत कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी योगेश दत्त जोशी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है।