अमर उजाला ब्यूरो
राजा का तालाब (कांगड़ा)। पुलिस थाना नूरपुर की पुलिस चौकी रैहन के तहत पड़ते क्षेत्र भराल में रविवार रात को एक ट्रक और एक बाइक की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई है, जबकि बाइक के पीछे बैठा एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है।
जानकारी के अनुसार रविवार देर रात को रैहन-जसूर सड़क पर रैहन के पास भराल में रैहन से भराल की तरफ जा रही बाइक नंबर एचपी 38सी-9576 की जसूर से तलवाड़ा की तरफ जा रहे ट्रक नंबर एचपी 12 डी-7490 में जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में बाइक में सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इसमें बाइक चला रहे युवक रजत सिंह (23) पुत्र जोगिंद्र सिंह निवासी दीनी लाड़थ की फतेहपुर अस्पताल में ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई, जबकि मोटरसाइकिल पर सवार दूसरे गंभीर रूप से घायल युवक अमित पठानिया निवासी चमराल को प्राइवेट अस्पताल में ले गए। जहां उसका इलाज चल रहा है। रात को जैसे ही ट्रक और बाइक की टक्कर हुई। आसपास के लोग तत्काल घटनास्थल पर इकट्ठे हो गए। लोगों में से किसी ने इस घटना की सूचना रैहन पुलिस को दी। पुलिस के पहुंचने से पहले लोगों ने गाड़ी के माध्यम से दोनों गंभीर रूप से घायल युवकों को तुरंत सीएचसी फतेहपुर पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने रजत सिंह को मृत घोषित कर दिया। उधर, डीएसपी नूरपुर मेघनाथ चौहान ने बताया कि रजत सिंह का सोमवार को पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। वहीं पुलिस ने इस बारे ट्रक चालक अनिल कुमार पुत्र अजमेर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।