फर्जी कर्नल बन बेच दी असली सेना अधिकारी की जमीन
जाली जीपीए तैयार कर दो लोगों ने लगाया चूना
आर्मी कर्नल ने पुलिस को सौंपी फर्जीवाड़े की शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
पालमपुर (कांगड़ा)। एक फर्जी कर्नल ने एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर आर्मी के असली कर्नल की ही जमीन बेच दी है। यह जमीन फर्जी जनरल पावर अटॉर्नी (जीपीए) बनाकर किसी को बेची गई है। खुद से हुए जमीन के फर्जीवाड़े को देख कर्नल ने पुलिस में दो लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवा दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
आर्मी के कर्नल ने अपनी शिकायत में दो लोगों पर उनकी राजपुर की जमीन बेचने का आरोप लगाया है। जमीन की दो लोगों ने जाली जीपीए बना ली। इन दोनों व्यक्तियों में से एक फर्जी कर्नल बन गया और तीसरे व्यक्ति को यह जमीन बेच दी। इस पर जब कर्नल ने पूरे मामले की छानबीन की तो दो लोगों को नाम इस फर्जीवाड़े में सामने आए। इसका पता चलते ही आर्मी के कर्नल ने दो लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी है। आर्मी कर्नल के साथ हुई धोखाधड़ी को लेकर पुलिस ने अपनी जांच तेज कर दी है। उधर, डीएसपी विकास धीमान ने कहा कि आर्मी कर्नल से दो लोगों ने जाली जीपीए बनाकर दो लोगों ने फर्जीवाड़ा किया है। इसमें एक कर्नल बना था। कर्नल की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।