बैजनाथ (कांगड़ा)। पीएचसी बीड़ में वैक्सीन लगवाने के लिए लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि डोज की कमी और भाई-भतीजावाद के चलते आम आदमी को तीसरे दिन जाकर वैक्सीन उपलब्ध हो पा रही है। वैक्सीन लगवाने के लिए लोग रोजाना सुबह पांच बजे पीएचसी के बाहर लाइनों में लग रहे हैं।
गांवों के लोग सीधे स्वभाव के हैं और इनमें भी कुछ लोग रोजाना मेहनत मजदूरी करके अपनी अजीविका चला रहे हैं। वैक्सीन लगवाने आए सुशीला देवी, राकेश कुमार, सीमा, रसीद, कृष्ण, जुवार, मुकेश व जगदीश आदि ने बताया कि शुक्रवार को तीसरे दिन उनको वैक्सीन उपलब्ध हो सकी है। उनका कहना है कि वह वैक्सीन लगवाने के लिए रोजाना सुबह लाइन में लग जाते हैं। लोगों का कहना है कि वैक्सीन के लिए वितरित की जाने वाली पर्ची को कुछ रसूखदार लोग पहले ही ले लेते हैं, जबकि लाइन में लगे लोगों को वैक्सीन उपलब्ध नहीं हो पाती है। उल्लेखनीय है कि गांव की इस पीएचसी में सप्ताह में दो या तीन बार वैक्सीन के लिए कैंप का आयोजन किया जाता है और अनेक बार लाइन में लगे लोगों को 11 बजे जानकारी मिलती है कि आज वैक्सीन नहीं लगेगी। इस प्रकार रोजाना मजदूरी करने वाले लोगों को परेशान होना पड़ता है। लोगों ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से पीएचसी में पुलिस बल तैनात करने और टोकन लाइन में लगे लोगों को ही देने का आग्रह किया है।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने किया दौरा
उधर, दूसरी तरफ वैक्सीन के लिए सुबह 5:00 बजे लाइन में लगने का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद शुक्रवार को पुलिस ने पीएचसी का दौरा किया और स्वास्थ्य विभाग ने भी वैक्सीन की अधिक डोज उपलब्ध करवाई। स्वास्थ्य विभाग के बीएमओ डॉ. रमेश डोगरा ने बताया कि पहले वैक्सीन की कम डोज उपलब्ध हो रही थी और अब यह समस्या समाप्त हो गई है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को बीड़ पीएचसी के लिए 400 डोज भेजी गई थी। आने वाले दिनों में पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन उपलब्ध होगी।