धर्मशाला। जिला कांगड़ा में साढ़े चार माह बाद कोरोना संक्रमण के कारण एक दिन में चार मरीजों की मौत हुई है, जोकि चिंता का विषय है। इसमें दो लोगों की उम्र 55 वर्ष से कम और दो की 60 वर्ष से अधिक है। सोमवार को पालमपुर के मेंझा गांव की 64 वर्षीय बुजुर्ग की टांडा अस्पताल, धर्मशाला के भागसूनाग के 49 वर्षीय व्यक्ति की टांडा अस्पताल, थुरल के घार गांव के 79 वर्षीय बुजुर्ग की टांडा अस्पताल में मौत हुई है। इसके अलावा इंदौरा के मंड मियानी गांव के 54 वर्षीय व्यक्ति की होम आइसोलेशन के दौरान मौत हो गई। चारों मरीज कोरोना के साथ अन्य बीमारियों से भी ग्रसित थे। जिला में कोरोना संक्रमण के कारण मृतकों का आंकड़ा 1186 पहुंच गया है। वहीं सोमवार को धर्मशाला स्टेडियम के पांच कर्मियों सहित 348 लोग कोरोना पॉजिटिव आए हैं।
सीएमओ कांगड़ा डॉ. गुरदर्शन गुप्ता ने बताया कि एचपीसीए स्टेडियम धर्मशाला के पांच कर्मी, पुलिस लाइन धर्मशाला के दो जवान, मंडी के छह लोग, बिलासपुर का एक, हमीरपुर के दो लोग, जयसिंहपुर के चार लोग, एसडीएम फतेहपुर कार्यालय के दो कर्मी व बीडीओ कार्यलय फतेहपुर का एक कर्मी, बनूरी के चार लोग, कोटला के छह लोग, बाहरी राज्यों के आठ पर्यटक, साईं विश्वविद्यालय का एक, आयुर्वेदिक अस्पताल पपरोला के चार लोग, बीएसएफ भोई के चार जवान, योल केंट के छह लोग, होल्टा कैंप के दो जवान, सीएसआईआर पालमपुर के पांच लोग, जोनल अस्पताल धर्मशाला के दो स्वास्थ्य कर्मी, एसएसबी सपड़ी के दो जवान, टांडा अस्पताल के तीन स्वास्थ्य कर्मी, सीएच शाहपुर का एक कर्मी, रैत के चार लोग, सीएच फतेहपुर का एक, पीटीसी डरोह का एक जवान व अन्य क्षेत्रों के लोग संक्रमित हुए हैं। सीएमओ ने बताया कि सोमवार को जिला कांगड़ा में 295 संक्रमितों ने वायरस को मात दी है। उन्होंने बताया कि अभी तक जिला कांगड़ा में कोरोना संक्रमण के कुल 55916 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, इसमें से 52663 मरीजों ने वायरस से जंग जीत ली है। वहीं एक समय जिला में कोरोना के कुल 2062 एक्टिव केस पहुंच गए हैं। उन्होंने लोगों से कोरोना लक्षण होने पर तुरंत जांच करवाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि अभी जिला कांगड़ा में वैक्सीन की दूसरी डोज लगाई जा रही है।