धर्मशाला। पर्यटन सीजन और आईपीएल मैचों के दौरान पर्यटन निगम के होटलों में पर्यटकों को कॉन्टिनेंटल और साउथ इंडियन व्यंजन परोसे जाएंगे। साथ ही पारंपरिक, मोटा अनाज के व्यंजनों को भी पर्यटकों को होटलों में परोसा जाएगा। पर्यटन विकास निगम के एजीएम कैलाश ठाकुर ने बताया कि पर्यटन निगम के होटलों में पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने को लेकर योजना तैयार की गई है। इसके तहत निगम के होटल कर्मियों के लिए विशेष तौर पर धर्मशाला और पालमपुर स्थित निगम के होटल कर्मियों को प्रशिक्षण भी प्रदान किया है। प्रदेश पर्यटन निगम के प्रोडक्शन हेड डीजीएम नंद लाल शर्मा ने कर्मियों को प्रशिक्षण प्रदान किया।
पर्यटन सीजन और धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में मैचों को देखने के लिए बाहरी राज्यों के क्रिकेट प्रशंसकों में काफी उत्साह रहता है। इस दौरान बड़ी संख्या में पर्यटक धर्मशाला पहुंचते हैैं। अगले माह होने वाले आईपीएल मैचों के लिए पर्यटन निगम के होटल भी तीन से 11 मई तक पैक हैं। ऐसे में पर्यटकों को खाद्य व्यंजनों सहित कोई असुविधा न हो, इसके लिए पर्यटन निगम भी विशेष तौर पर ध्यान दे रहा है। इसी के चलते धर्मशाला-पालमपुर के पर्यटन निगम के होटल कर्मियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया।