फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kangra News: करोड़ों की संपत्ति हस्तांतरित करने पर भड़की समिति

विज्ञापन
विज्ञापन
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। पंचायत समिति सुराणी की ज्वालामुखी स्थित करोड़ों रुपये की संपत्ति को शहरी विकास विभाग के नाम दर्ज करने के आदेशों पर विवाद गहरा गया है। पंचायत समिति के सदस्यों ने इस फैसले के खिलाफ वीरवार को एसडीएम कार्यालय ज्वालामुखी पहुंचकर रोष प्रदर्शन किया। एसडीएम की अनुपस्थिति में समिति सदस्यों ने मुख्यमंत्री के नाम नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर आदेश को तुरंत निरस्त करने की मांग उठाई।
विज्ञापन

सदस्यों का आरोप है कि पंचायत समिति की बिना सहमति उसकी संपत्ति का इंतकाल सरकार के नाम कर कब्जा शहरी विकास विभाग को सौंपने के निर्देश जारी किए गए हैं। उपायुक्त की ओर से चार अगस्त को जारी निर्देशों में शामिल इस संपत्ति में करीब 49 दुकानों वाला बहुमंजिला शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और एक कार पार्किंग शामिल है। सदस्यों ने स्पष्ट किया कि इन दुकानों और पार्किंग से होने वाली नियमित आय से ही पंचायत समिति के क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्य संचालित होते हैं। समिति की अनुमति के बिना इसका हस्तांतरण सीधे तौर पर पंचायती राज संस्थाओं के अधिकारों और वित्तीय हितों पर कुठाराघात है। उन्होंने मांग की संपत्ति हस्तांतरण के पीछे की पूरी प्रक्रिया और कारणों को सार्वजनिक किया जाए तथा मामले में पारदर्शिता बरती जाए।
पंचायत समिति सदस्यों ने चेतावनी दी कि यदि संपत्ति हस्तांतरण से संबंधित आदेश को शीघ्र वापस नहीं लिया तो वे पंचायती राज अधिनियम के तहत कानूनी कदम उठाने के साथ-साथ सड़क पर उतरकर जन आंदोलन शुरू करेंगे। समिति की संपत्ति और अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रखा जाएगा।
विज्ञापन


चार माह बाद भी अध्यक्ष-उपाध्यक्ष का चुनाव नहीं
पंचायत समिति सुरानी के चुनाव संपन्न हुए करीब चार माह बीत जाने के बाद भी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव न होने से सदस्यों में गहरा रोष है। बीडीसी सदस्यों का आरोप है कि शीर्ष पदों पर चुनाव लटके होने से क्षेत्र के तमाम विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का चुनाव शीघ्र करवाने की मांग के संबंध में बीडीसी सदस्यों ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। उन्होंने नायब तहसीलदार को ज्ञापन भी सौंपा और जनहित में चुनावी प्रक्रिया अविलंब पूरी करने की मांग की। नायब तहसीलदार ने मामला उच्चाधिकारियों के समक्ष रखकर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। इस मौके पर मनोज कुमार, सुशील कुमार, पंकज, कमल, मीनू, कविता, शिवानी, यशविंदर और मोनिका सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें