धर्मशाला। सामान की सुरक्षित ढुलाई की जिम्मेदारी लेने वाली लॉजिस्टिक कंपनी के माध्यम से भेजे गए दो पार्सलों से 57 कपड़े गायब होने के मामले में जिला उपभोक्ता आयोग ने कंपनी को सेवा में कमी का दोषी ठहराया है।
आयोग ने एआर बी2बी लॉजिस्टिक्स को शिकायतकर्ता को सामान की कीमत के 54,055 रुपये नौ प्रतिशत वार्षिक ब्याज सहित लौटाने के आदेश दिए हैं। इसके अलावा मानसिक परेशानी और उत्पीड़न के लिए 25 हजार रुपये मुआवजा व 15 हजार रुपये मुकदमे के खर्च के रूप में देने होंगे।
जिला उपभोक्ता आयोग कांगड़ा के अध्यक्ष हेमांशु मिश्रा, सदस्य नारायण ठाकुर और आरती सूद की अदालत ने यह फैसला सुनाया है। शिकायतकर्ता प्रशांत भसीन निवासी कांगड़ा रेडीमेड कपड़ों का कारोबार करते हैं।
उन्होंने 2 अक्तूबर 2025 को एआर बी2बी लॉजिस्टिक्स के माध्यम से दो पार्सल भेजे थे। इनमें एक पार्सल अंबाला स्थित राजन होलसेल बाजार प्राइवेट लिमिटेड और दूसरा गाजियाबाद स्थित गॉड्स क्लब प्राइवेट लिमिटेड को भेजा गया था।
दोनों पार्सलों का वजन 20-20 किलोग्राम था। अंबाला भेजे गए पार्सल में 20 कुर्तियां थीं, जिनकी कीमत 42,520 रुपये थी, जबकि गाजियाबाद भेजे गए पार्सल में 136 कपड़े थे, जिनकी कीमत 78,351 रुपये थी। सामान पहुंचने पर अंबाला के पार्सल से 11 और गाजियाबाद के पार्सल से 46 कपड़े कम मिले।
इससे शिकायतकर्ता को कुल 54,055 रुपये का नुकसान हुआ। शिकायतकर्ता ने 18 और 20 नवंबर 2025 को ई-मेल के माध्यम से कंपनी को इसकी शिकायत की। कंपनी की ओर से जांच का आश्वासन दिया गया लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
इसके बाद उन्होंने उपभोक्ता आयोग में शिकायत दर्ज करवाई। आयोग ने पाया कि पार्सल बुकिंग के समय उनका वजन दर्ज किया गया था लेकिन सामान पहुंचने पर कंपनी की ओर से दोबारा वजन की जांच नहीं की गई।
कंपनी अपना पक्ष रखने के लिए आयोग में पेश भी नहीं हुई। आयोग ने इसे सेवा में कमी, लापरवाही और अनुचित व्यापार व्यवहार मानते हुए शिकायत स्वीकार कर ली और उपभोक्ता के पक्ष में फैसला सुनाया है।