नूरपुर (कांगड़ा)। इंद्रा प्रभा आदर्श पब्लिक स्कूल में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह धूमधाम से मनाया गया। समारोह में उपमंडल पुलिस अधिकारी (नूरपुर) महेंद्र सिंह मन्हास ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। अध्यक्षता स्कूल प्रबंधन समिति के चेयरमैन एडवोकेट प्रभात चंद शर्मा ने की।
कार्यक्रम के मुख्यातिथि डीएसपी महेंद्र सिंह मन्हास ने मां सरस्वती की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। इसके बाद छात्राओं ने मुख्यातिथि के स्वागत में गीत प्रस्तुत किया। समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
इसमें स्कूली छात्रों ने रोते-रोते हंसना सीखो..., चंदा न पूछा तारों से..., छोटी-छोटी गइयां-छोटे छोटे ग्वाल.., रंग दे बसंती, नचदियां अल्हड़ कुवारियां पर भंगड़ा और गिद्दे की शानदार प्रस्तुतियां देकर समारोह में उपस्थित जनसमूह का खूब समां बांधा। इसके अलावा विद्यार्थियों ने नशाखोरी पर स्किट पेश कर नशे की लत से दूर रहने का संदेश दिया।
स्कूल के प्रबंध निदेशक सतीश शर्मा ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा मुख्यातिथि को स्कूल की वार्षिक गतिविधियों के बारे में अवगत करवाया। इसके बाद मुख्यातिथि महेंद्र सिंह मन्हास ने समारोह में उपस्थित विद्यार्थियों को माता-पिता की सेवा करने और गुरुजनों का आदर करने की सीख देते हुए नशाखोरी से दूर रहने तथा जीवन में लक्ष्य प्राप्ति के लिए अनुशासन व कड़ी मेहनत करने का आह्वान किया।
मुख्यातिथि ने मेधावी छात्रों को स्मृति चिन्ह भेंटकर पुरस्कृत किया तथा भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इससे पूर्व स्कूल प्रबंधन समिति ने समारोह के मुख्यातिथि को शाल, टॉपी व स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। इस मौके पर स्कूल प्रबंध समिति के सदस्य संजीव सूरी, आशुतोष शर्मा, कंदन शर्मा, चंद्ररेखा, आरएस वर्मा सहित गणमान्य लोग मौजूद रहे।