काँगड़ा में बिजली बोर्ड कर्मचारियों को संबोधित करते संघ के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप खरबाडा
- फोटो : Kangra
कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड तकनीकी कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह खरवाड़ा ने केंद्र सरकार से उपभोक्ता और कर्मचारी विरोधी विद्युत संशोधन विधेयक 2021 को निरस्त करने की मांग की है।
कुलदीप ने कहा कि संसद के शीतकालीन सत्र में बिजली संशोधन विधेयक का प्रस्ताव चर्चा के लिए रखा गया है। उन्होंने केंद्र सरकार से इस जनविरोधी काले कानून को निरस्त करने की मांग की है। अलबत्ता कर्मचारियों को अपने हक की लड़ाई लड़ने के लिए संघर्ष के लिए तैयार रहने की अपील की है। कुलदीप ने केंद्र से पुरानी पेंशन प्रणाली को भी बहाल करने की मांग रखी।
उन्होंने 11 दिसंबर को धर्मशाला में विधानसभा सत्र के दौरान विधानसभा का घेराव करने के लिए विद्युत बोर्ड के तकनीकी कर्मचारियों को भी एकजुट होकर पहुंचने की आग्रह किया, ताकि न्यू पेंशन स्कीम के बैनर तले कर्मचारी अपनी मांगें रख सकें। कुलदीप ने आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए भी ठोस नीति बनाने और करुणामूलक आधार पर रिक्त पड़े सभी पदों को एक साथ भरने की मांग रखी। इस मौके पर विद्युत तकनीकी कर्मचारी संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष कामेश्वर शर्मा, उपाध्यक्ष सुनीता रानी, आशीष कटोच, पंकज कुमार, राजीव, प्रदीप, ओम, विजय सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।