जालग (कांगड़ा)। विधानसभा क्षेत्र जयसिंहपुर के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी राहत की खबर है। हिमाचल प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा विभाग ने कंवर दुर्गा चंद राजकीय महाविद्यालय जयसिंहपुर और राजकीय महाविद्यालय शिवनगर में बी वॉक (बैचलर ऑफ वोकेशन) पाठ्यक्रम शुरू करने को मंजूरी दे दी है।
उच्च शिक्षा विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार दोनों महाविद्यालयों में यह व्यावसायिक पाठ्यक्रम शैक्षणिक सत्र 2026-27 से स्वयंवित्त पोषित (सेल्फ फाइनेंसिंग) आधार पर संचालित किए जाएंगे। इससे पहले क्षेत्र के युवाओं को बी वॉक की पढ़ाई के लिए धर्मशाला या अन्य निजी संस्थानों का रुख करना पड़ता था।
हालांकि, विभाग की ओर से जारी पत्र में अभी विषयों की स्थिति स्पष्ट नहीं है, जिसकी विस्तृत जानकारी आगामी प्रक्रिया में सामने आने की उम्मीद है। दोनों महाविद्यालयों में नए पाठ्यक्रमों को स्वीकृति देने पर मंत्री यादविंद्र गोमा ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि अब इन कोर्सों के लिए विद्यार्थियों को दूसरे क्षेत्रों का रुख नहीं करना पड़ेगा।