बैजनाथ के शिव मंदिर में सावन माह के चौथे सोमवार को उमड़ी भक्तों की भीड़। संवाद
बैजनाथ (कांगड़ा)। सावन के अंतिम सोमवार को ऐतिहासिक शिव मंदिर बैजनाथ में करीब आठ हजार श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर शीश नवाकर भोले बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस पावन अवसर पर मंदिर के कपाट तड़के तीन बजे ही श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए गए थे, जिसके बाद से ही मंदिर प्रांगण में भक्तों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं।
दोपहर बाद हुई हल्की बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं आई और लोग अनुशासित ढंग से लाइनों में लगकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने के लिए मंदिर परिसर में पुख्ता प्रबंध किए गए थे। इस दौरान मंदिर के समीप और खीर गंगा घाट की पार्किंग में श्रद्धालुओं के लिए भव्य भंडारे का आयोजन किया गया।
मंदिर अधिकारी एवं तहसीलदार रमन ठाकुर सहित न्यास के ट्रस्टी पूरे समय व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रखे। देर शाम आयोजित महाआरती में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया, जबकि रात्रि के समय प्राथमिक स्कूल परिसर में पारंपरिक नुआले का आयोजन कर शिव महिमा का गुणगान किया गया। मंदिर न्यास के सहायक आयुक्त एवं एसडीएम संकल्प गौतम ने बताया कि सावन माह के सफल समापन के बाद अब आगामी भादों माह में महाकाल में प्रसिद्ध शनि मेलों का आयोजन किया जाएगा।
बैजनाथ के शिव मंदिर में सावन माह के चौथे सोमवार को उमड़ी भक्तों की भीड़। संवाद
बैजनाथ के शिव मंदिर में सावन माह के चौथे सोमवार को उमड़ी भक्तों की भीड़। संवाद