कांगड़ा जिले के विभिन्न उपमंडलों एवं विकास खंडों में ग्रामीण विकास विभाग की ओर से बीपीएल सर्वेक्षण (चरण 1 से 8) के तहत चिह्नित लाभार्थियों के साथ सोमवार को ब्लॉक स्तरीय संवाद कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व जरूरतमंद परिवारों से सीधा संपर्क साधकर उनकी घरेलू आवश्यकताओं, आजीविका और वास्तविक समस्याओं का आकलन करना तथा उन्हें सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना रहा। संवाद
मच्छोट (फतेहपुर): पंचायत घर मच्छोट में आयोजित संवाद कार्यक्रम में विधायक एवं राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया ने बाड़ी, दियाना, डूहग, खटियाड़, कुडल, लुठियाल, मच्छोट, नगाल, रें, रियाली, टटवाली और पोलियां पंचायतों के लाभार्थियों की आवास, पेयजल, सड़क और सामाजिक सुरक्षा संबंधी समस्याएं सुनीं तथा कई मामलों का मौके पर ही निपटारा किया। फतेहपुर विकास खंड में 10 से 12 अगस्त तक तीन क्लस्टर स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में 11 अगस्त को विश्राम गृह रैहन तथा 12 अगस्त को डॉ. भीमराव आंबेडकर भवन फतेहपुर में संवाद कार्यक्रम होंगे। बीडीओ सुभाष अत्री ने लाभार्थियों से उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील की है।
रक्कड़ (परागपुर): पंचायत घर रक्कड़ में हिमाचल प्रदेश कामगार एवं कर्मचारी कल्याण बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह मनकोटिया की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें बीडीओ परागपुर रेखा और बीडीसी अध्यक्ष नरेश की मौजूदगी में 8 चरणों के सर्वे में शामिल परिवारों के विकास के लिए उपयुक्त रणनीति तैयार करने पर चर्चा की गई।
जवाली व सिद्धपुरघाड़: मिनी सचिवालय कॉम्प्लेक्स जवाली (17 पंचायतों के 485 परिवार) और सिद्धपुरघाड़ (12 पंचायतों के 341 परिवार) में कुल 826 बीपीएल परिवारों ने हिस्सा लिया। मुख्य अतिथि कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार गरीब व जरूरतमंदों के उत्थान के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।
नूरपुर: बचत भवन नूरपुर में 29 पंचायतों के लाभार्थियों के साथ आयोजित संवाद कार्यक्रम में पूर्व विधायक अजय महाजन मुख्य अतिथि रहे। एसडीएम अरुण शर्मा और बीडीओ अशोक कुमार ने बताया कि संवाद का उद्देश्य सर्वे में पात्र बीपीएल परिवारों के चयन में किसी भी प्रकार की कमी न रहने देना है।
बैजनाथ: बचत भवन बैजनाथ में विधायक किशोरी लाल ने 32 ग्राम पंचायतों के जरूरतमंद परिवारों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि छूटे हुए पात्र परिवार आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत कर योजना से जुड़ सकते हैं।
कांगड़ा (बीआरसी सराय): एपीएमसी जिला अध्यक्ष नरेंद्र सिंह मोंगरा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में एसडीएम डॉ. अंजलि गर्ग व बीडीओ पारुल कटियार ने बीपीएल लाभार्थियों की समस्याएं लिखित रूप में प्राप्त कीं और उन्हें सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया।