रैहन (कांगड़ा)। नगर परिषद जवाली के तहत लब गांव निवासी और सिद्धपुरघाड़ में तैनात वेटरनरी फार्मासिस्ट विशाल कुमार का शव शनिवार सुबह भाटी गांव के समीप खाई में मिला। शव के पास ही उनकी मोटरसाइकिल भी पड़ी मिली। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जवाली पुलिस थाना की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आगामी कार्रवाई शुरू की।
परिजनों के अनुसार विशाल कुमार शुक्रवार को बीमार पशु के उपचार के लिए घर से बाइक पर निकले थे। देर शाम तक वापस न लौटने पर उनकी तलाश शुरू की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने खाई में शव और बाइक देखकर पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी मंजीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए नूरपुर भेजा।
मृतक अपने पीछे पत्नी और दो व छह वर्ष की दो मासूम बेटियां छोड़ गए हैं। करीब एक माह पहले ही विशाल की बहन का भी आकस्मिक निधन हुआ था। बहन के गम से परिवार अभी उबर भी नहीं पाया था कि इस हादसे ने परिजनों को पूरी तरह तोड़ दिया। डीएसपी जवाली तेजेंद्र वर्मा ने बताया कि पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है।