धर्मशाला। 53 मील में आयोजित ऐतिहासिक हरिकरण महादेव छिंज मेले का रविवार को समापन हो गया। इस मौके पर आयोजित पारंपरिक दंगल में विभिन्न राज्यों के पहलवानों ने अपने दांव-पेंच से दर्शकों का मनोरंजन किया। बड़ी माली के विजेता बाबा फरीद रहे, जिन्हें स्थानीय विधायक आरएस बाली ने बतौर मुख्यातिथि सम्मानित किया।
मेला कमेटी के प्रधान बुद्धि सिंह ने बताया कि दंगल की सबसे प्रतिष्ठित बड़ी माली बाबा फरीद (भारत केसरी, दीनानगर) और सन्नी मानसर के बीच हुई। कड़े मुकाबले में बाबा फरीद विजेता रहे, जिन्हें 7,000 रुपये नकद पुरस्कार दिया गया, जबकि उपविजेता सन्नी को 6,500 रुपये मिले। वहीं, छोटी माली के विजेता सचिन को 6,000 रुपये देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि आरएस बाली ने मेला कमेटी को 31,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि देने के साथ ही अखाड़े के सौंदर्यीकरण के लिए एक लाख रुपये देने की घोषणा की। इस मौके पर हजारों की संख्या में उमड़ी भीड़ ने दंगल का आनंद लिया और स्थानीय संस्कृति का जश्न मनाया।