धर्मशाला। कांगड़ा जिले के बनखंडी में निर्माणाधीन दुर्गेश अरण्य अंतरराष्ट्रीय प्राणी उद्यान तेजी से आकार ले रहा है। महत्वाकांक्षी परियोजना के पहले चरण का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है। वन विभाग ने दिसंबर 2026 तक कार्यों को पूरा कर मार्च 2027 में पार्क को आम जनता और पर्यटकों के लिए खोलने का लक्ष्य रखा है।
करीब 600 करोड़ रुपये की इस कुल परियोजना में पहले चरण के तहत लगभग 250 करोड़ रुपये के विकास कार्य किए जा रहे हैं। अब तक पार्क की चारदीवारी और पेयजल भंडारण संरचनाओं का निर्माण पूरा हो चुका है। वहीं, अस्पताल, क्वारंटीन सेंटर और डायग्नोस्टिक सेंटर के भवनों का निर्माण तेजी से चल रहा है। इसके साथ ही विद्युत व पेयजल जैसी सुविधाओं के काम सितंबर 2026 तक पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं।
पहले चरण में वन्यजीवों के लिए लगभग 35 छोटे-बड़े बाड़ों (एनक्लोजर) का निर्माण पूरा किया जा चुका है। पार्क में बिजली और पानी की व्यवस्था सुनिश्चित होने पर दिसंबर तक बाघ और शेर सहित विभिन्न वन्यजीवों की प्रजातियों को रखा जाएगा। इसके अलावा प्रवेश द्वार, स्टाफ आवास, प्रशासनिक भवन और अन्य आवश्यक ढांचागत सुविधाएं लगभग तैयार हैं। यह पार्क वन्यजीव संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय रोजगार और पर्यटन को बड़ा बढ़ावा देगा।
कांगड़ा इंटरनेशनल जूलॉजिकल पार्क 600 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट है, पहले चरण में अब तक 250 करोड़ रुपये का के कार्य अंतिम चरण में हैं और पहली मार्च, 2027 को पार्क के पहले फेज को शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। -इंद्र भूषण, डीसीएफ, प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट बनखंडी