कांगड़ा। शक्तिपीठ बज्रेश्वरी देवी मंदिर कांगड़ा ट्रस्ट यात्री सदन में मैरिज पैलेस का निर्माण करेगा। यह फैसला एसडीएम कांगड़ा अभिषेक वर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया। बैठक में 6,78,29,344 रुपये का बजट पारित किया गया।
बैठक में लोक निर्माण विभाग को आगामी 28 फरवरी तक मैरिज पैलेस के तमाम प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दे दिए गए हैं। इसके बाद प्रोजेक्ट रिपोर्ट जिलाधीश और सरकार को भेजी जा सकेगी। इसके अतिरिक्त बैठक में मंदिर ट्रस्ट के अधीन दुकानों और मकानों का किराया बढ़ाने का निर्णय लिया गया। इसके अतिरिक्त मंदिर में पुलिस सहायता कक्ष बनाने का भी फैसला लिया गया।
एसडीएम ने कहा कि 91,43,000 रुपये से मंदिर की साफ-सफाई, मंदिर भवनों के रखरखाव, मंदिर की सजावट , पानी की व्यवस्था, आउटसोर्स कर्मचारियों के वेतन और मंदिर संबंधी अन्य खर्चे किए जाएंगे। बैठक में मंदिर अधिकारी दलजीत शर्मा, वरिष्ठ पुजारी रामप्रसाद शर्मा, ट्रस्ट सदस्य व बीएमओ तियारा संजय भारद्वाज आदि मौजूद रहे।