धर्मशाला के सकोह में टीबी जांच शिविर में पांरपरिक परिधानों में जागरूकता का संदेश देते हुए आशा
धर्मशाला। टीबी मुक्त भारत अभियान को गति देने के उद्देश्य से शुक्रवार को धर्मशाला के सकोह में जागरूकता कार्यक्रम और कार्यशाला का आयोजन किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य खंड नूरपुर, शाहपुर, नगरोटा बगवां, महाकाल, गोपालपुर और ज्वालामुखी की आशा कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक गद्दी ड्रेस पहनकर नृत्य और गायन से टीबी से बचने का संदेश दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश सूद ने की। पहली बार इस तरह का जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पूरा कार्यक्रम और गाने प्रशिक्षण केंद्र छेव के प्रवक्ता डॉ. उर्मिल कपूर ने तैयार किए थे। इस दौरान आशा कार्यकर्ताओं ने चित्रों और भाषणों के माध्यम से टीबी के लक्षणों, उपचार और इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने का तरीका बताया।
इस दौरान डॉ. राजेश सूद ने सभी आशा कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें टीबी मुक्त भारत बनाने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य विभाग और समाज के बीच की सबसे मजबूत कड़ी हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को उनकी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों और सक्रिय भागीदारी के लिए विशेष रूप से पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
डॉ. सूद ने बताया कि इस तरह के सम्मान से कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ता है और वे अधिक ऊर्जा के साथ समाज सेवा में जुट जाते हैं। कार्यक्रम में डॉ. अनुराधा, पंकज कुमार, अशोक कुमार, यामिनी, मनोज और पूजा सहित अन्य मौजूद रहे।