धर्मशाला। उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा कि कांगड़ा कार्निवल के अंतर्गत शहर के विभिन्न स्थानों पर चिट्टा एवं अन्य मादक पदार्थों के विरुद्ध जनजागरूकता उत्पन्न करने के उद्देश्य से निरंतर गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में फव्वारा चौक, गांधी चौक, कचहरी अड्डा तथा शीला चौक में प्रतिदिन सांस्कृतिक दलों के माध्यम से प्रभावी नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से आमजन, विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत करवाया जा रहा है।
डीसी ने कहा कि जिले से चिट्टा सहित सभी प्रकार के मादक पदार्थों को जड़ से समाप्त करने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस तथा समाज के सभी वर्गों के समन्वित और निरंतर प्रयास सुनिश्चित किए जा रहे हैं। उपायुक्त ने बताया कि जिले में चिह्नित रेड जोन पंचायतों में नशा निवारण समितियों का गठन किया गया है।