सुलह (कांगड़ा)। विधानसभा क्षेत्र की सुलह पंचायत में नवस्थापित पुस्तकालय का उद्घाटन शुक्रवार को खंड विकास अधिकारी भेडू महादेव योगेंद्र कुमार ने किया। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र का चौथा पुस्तकालय है और अन्य पंचायतें भी चाहें तो इस तरह के पुस्तकालय खोल सकती हैं।
ऐसे पुस्तकालय युवाओं के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होंगे और उन्हें नशे और मोबाइल की लत से दूर रखकर अध्ययन की ओर प्रेरित करेंगे। खंड विकास अधिकारी ने बताया कि भविष्य में यहां जिम खोलने की भी योजना है, जिसके लिए पंचायत को प्रस्ताव देना होगा।
उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से अपील की है कि बच्चों और युवाओं को यहां नियमित रूप से अध्ययन एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भेजा जाए। कार्यक्रम में पंचायत प्रधान कविता शर्मा, उपप्रधान रमेश चंद कठियाल, कनिष्ठ अभियंता नवनीत शर्मा, पंचायत निरीक्षक संजीव सूद और जीआर ऋषि सूद सहित भारी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी उपस्थित जनों ने पुस्तकालय की पहल की सराहना की और इसे क्षेत्र के शैक्षणिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।