धर्मशाला। जिले के कुछ हिस्सों में शुक्रवार को तेज बारिश ने गर्मी से राहत दिलाई तो इसी बीच अंधड़ ने लोगों को डरा दिया। नगरोटा बगवां में एक घर की छत उड़ गई और सोलर प्लांट को नुकसान हुआ है। वहीं, गगल में सड़क पर पेड़ गिर गया, जबकि धर्मशाला में एक मकान की छत से सड़क पर पानी की टंकी आ गिरी। हालांकि लगातार दो हफ्ते गर्मी के बाद बारिश लोगों के लिए राहत लेकर आई है। शुक्रवार सुबह 7:00 बजे से धर्मशाला से पालमपुर तक भारी बारिश हुई। इस दौरान धर्मशाला और आसपास के क्षेत्र में ओलावृष्टि भी हुई। वहीं, दोपहर बाद फिर को मौसम ने करवट बदली और भारी बारिश के साथ अंधड़ भी शुरू हो गया।
नगरोटा बगवां में एक घर की टिन की छत उड़ गई, जिससे मकान मालिक को करीब 3.50 लाख रुपये का नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा नगरोटा बगवां के ही वार्ड दो में अंधड़ से सोलर प्लांट का पैनल टूट गया, जिससे 50,000 रुपये का नुकसान हुआ है।
वहीं, गगल-धर्मशाला मार्ग पर गगल के पास एक पेड़ सड़क पर गिर गया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। हालांकि किसी प्रकार का कोई नुकसान नहीं हुआ है। धर्मशाला में शाम 4:00 बजे के करीब अंधड़ ने लोगों को डराया। इस दौरान कोतवाली बाजार में एक भवन से पानी टंकी बीच सड़क में आ गिरी और पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत यह रही कि इस दौरान कोई वाहन चालक या राहगीर सड़क पर नहीं था, वरना नुकसान हो सकता था।
इसके अलावा देहरा, परागपुर, ज्वालामुखी, राजा का तालाब और नूरपुर सहित अन्य क्षेत्रों में मौसम खराब रहा और तेज हवा चलती रही, लेकिन बारिश नहीं हुई।
धान की पनीरी और सब्जियों के बारिश बनी संजीवनी
जिले के अधिकतर हिस्सों में हुई भारी बारिश से धान की पनीरी के अलावा बेलदार सहित अन्य सब्जियों की फसलों को भी संजीवनी मिली है। लंबे समय से बारिश न होने के कारण सब्जियां सूखने की कगार तक पहुंच गईं थी। बारिश के किसानों को काफी हद तक राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक बारिश होने का अनुमान है।
ठंडा मौसम देख खुश हुए सैलानी
मैदानी इलाकों में प्रचंड गर्मी से बचने के लिए पर्यटन नगरी धर्मशाला-मैक्लोडगंज पहुंचे सैलानियों के चेहरे खिल उठे। सैलानियों ने बारिश में काफी आनंद लिया और सड़कों पर बारिश के बीच नाचते नजर आए। सैलानियों का कहना है कि पंजाब से बढ़ती गर्मी ने बेहाल कर दिया था, इसलिए धर्मशाला घूमने आए हैं। यहां आकर मौसम एक दम से ठंडा होने के कारण जन्नत का एहसास हो गया। शुक्रवार को पर्यटन नगरी के होटलों में ऑक्यूपेंसी 70 फीसदी तक पहुंची, जो वीकेंड पर 85 से 90 फीसदी तक पहुंचने की उम्मीद है।
धर्मशाला के कोतवाली बाजार में बारिश के साथ चलती तेज हवाओं से सड़क पर आकर गिरी पानी की टंकी। संव
धर्मशाला के कोतवाली बाजार में बारिश के साथ चलती तेज हवाओं से सड़क पर आकर गिरी पानी की टंकी। संव
धर्मशाला के कोतवाली बाजार में बारिश के साथ चलती तेज हवाओं से सड़क पर आकर गिरी पानी की टंकी। संव