जवाली (कांगड़ा)। कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो.चंद्र कुमार ने शनिवार को किसान गोष्ठी कार्यक्रम में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 'मेरी पॉलिसी मेरे हाथ' के जिला स्तरीय अभियान का शुभारंभ किया। यह अभियान किसानों को उनकी फसल बीमा पॉलिसी के दस्तावेज सीधे सौंपने के उद्देश्य से शुरू किया गया है।
कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों और पशुपालकों की आर्थिक सुरक्षा और कल्याण के लिए संकल्पबद्ध है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में प्राकृतिक आपदाओं के कारण होने वाले फसल नुकसान से किसानों को बचाने के लिए एक महत्वपूर्ण योजना है। उन्होंने किसानों से किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने की बात कही। जिन किसानों ने किसान क्रेडिट कार्ड के तहत बैंक से ऋण लिया हो, उनकी फसल का बीमा बैंक की ओर से स्वयं ही कर दिया जाता है। किसान अपनी फसलों का बीमा स्वयं पोर्टल के माध्यम से या किसी भी लोक मित्र केंद्र में जाकर करवा सकते हैं। इस अवसर पर कृषि मंत्री ने 10 किसानों को फसल बीमा पॉलिसी के दस्तावेज सौंपे।