डाडासीबा (कांगड़ा)। डाडासीबा गांव की ऐतिहासिक रियासत में राजा बृजेंद्र सिंह की निजी भूमि पर किए गए एक अवैध निर्माण को शनिवार को प्रशासन ने सिविल कोर्ट देहरा के आदेश पर ध्वस्त कर दिया।
यह कार्रवाई उस समय अमल में लाई गई जब संबंधित अवैध कब्जाधारी ने गैरकानूनी तरीके से भूमि पर निर्माण कर रखा था। मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों की देखरेख में निर्माण गिराकर जमीन को मूल स्वामी को सौंपा गया। राजा बृजेंद्र सिंह के पॉवर ऑफ अटॉर्नी धारक अमित राणा ने बताया कि यह कार्रवाई डाडासीबा रियासत की जमीन पर अवैध कब्जों को लेकर चल रही व्यापक मुहिम का हिस्सा है। रियासत की अन्य जमीनों पर भी अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है और आने वाले समय में सभी ऐसे कब्जों को हटाया जाएगा।
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व में अपने निर्णय में राजा बृजेंद्र सिंह को डाडासीबा रियासत का इकलौता वैध वारिस और जमीन का स्वामित्व प्रदान किया है। इसके बाद प्रशासन की ओर से कानून के तहत यह कार्रवाई की गई है। इस घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में हलचल मच गई और अवैध कब्जाधारी अब संभावित कार्रवाई को लेकर सतर्क हो गए हैं। प्रशासन का यह कदम न्यायिक निर्णयों की अनुपालना और अवैध कब्जों के विरुद्ध कठोर संदेश के रूप में देखा जा रहा है।