ज्वालामुखी (कांगड़ा)। ज्वालामुखी पुलिस ने बैटरी चोरी के आरोप में चार चोरों को हिरासत में लिया है, जो तीन दिन पहले बलारडू टावर से बैटरियों को चुराने वाले थे, लेकिन टावर पर रखवाली करने की सतर्कता के कारण वे भाग निकले थे और अपने मोबाइल और अन्य सामान वहां छोड़ गए थे।
मंगलवार को ज्वालामुखी पुलिस ने सफलता हासिल करते हुए चार चोरों को हिरासत में लिया है। उनकी पहचान पवन कुमार पुत्र प्यार चंद निवासी भवड़ा नादौन, बशीर मोहम्मद पुत्र अली मोहम्मद निवासी गांव अंब डोली अंब पठियार ज्वालामुखी, जतिंद्र शर्मा पुत्र हंसराज निवासी गांव अटवा अंदोरा तहसील अंब ऊना, रफी मोहम्मद पुत्र सलामदीन निवासी अंब डोली अंब पठियार ज्वालामुखी के रूप में हुई है। गौरतलब है कि तरसेम लाल पुत्र रमेश चंद निवासी क्वांट कलां नादौन ने 3 दिन पहले ज्वालामुखी थाना में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि वह बलारडू में फोन टावर की रखवाली करता है, इसी दौरान रात को अज्ञात व्यक्तियों ने टावर की बैटरियों और अन्य सामान को चोरी करने का असफल प्रयास किया गया था। मौके पर चोर अपना मोबाइल और अन्य सामान छोड़कर भाग गए थे। पुलिस ने टावर सुरक्षागार्ड तरसेम लाल की शिकायत पर मामला दर्ज किया था। मामले की पुष्टि डीएसपी चंद्रपाल सिंह ने की है।