जसूर (कांगड़ा)। नूरपुर पुलिस टीम ने नूरपुर स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा में धोखाधड़ी करने के मामले में एक और आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। नूरपुर एएसपी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि आरोपी का नाम तरुण गुप्ता (38) है। धोखाधड़ी का यह मामला नूरपुर थाने में शुभराज निवासी दुनेरा जिला पठानकोट पंजाब की शिकायत पर 15 जून 2022 को दर्ज हुआ था।
आरोपी तरुण गुप्ता को सोमवार को नूरपुर की अदालत में पेश किया गया। आरोपी का दो दिन का पुलिस रिमांड मिला है। शर्मा ने बताया कि अभी तक इस मामले की जांच कर रही टीम ने 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। तरुण गुप्ता अभी तक 13वां आरोपी है। पंजाब नेशनल बैंक में शुभराज के खाते से 48 लाख 90 हजार 374 रुपयों का गबन हुआ था। मामले के मास्टर माइंड नटवर लाल तक पुलिस अब तक नहीं पहुंच पाई है।