पालमपुर (कांगड़ा)। चौधरी सरवन कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने प्रदेश सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ अनोखा विरोध जताते हुए शव यात्रा निकाली। यह प्रदर्शन फीस वृद्धि वापस लेने, विभिन्न पाठ्यक्रमों में सीटों की कटौती रद्द करने और लंबे समय से रिक्त शैक्षणिक पदों को भरने की मांग को लेकर किया गया।
एबीवीपी इकाई अध्यक्ष शैफाली ठाकुर ने कहा कि ज्ञापन, ई-मेल अभियान, ''ब्लैक डे'', हस्ताक्षर अभियान और छात्र रैली जैसे शांतिपूर्ण व लोकतांत्रिक विरोध प्रदर्शनों के बावजूद सरकार और प्रशासन छात्रों की मांगों को लगातार अनदेखा कर रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ छात्रों से भारी-भरकम फीस वसूली जा रही है, वहीं दूसरी तरफ पर्याप्त शिक्षकों, प्रयोगशालाओं और आधुनिक लेक्चर थियेटरों का भारी अभाव है जिससे पढ़ाई प्रभावित हो रही है। एबीवीपी ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर जल्द ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और अधिक उग्र व व्यापक बनाया जाएगा। संवाद