धर्मशाला। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो धर्मशाला की ओर से राजकीय अध्यापक शिक्षा महाविद्यालय धर्मशाला में भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया। प्रतियोगिता में राजकीय अध्यापक शिक्षा महाविद्यालय धर्मशाला की आशना ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। डाइट धर्मशाला की सेजल ने द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि राजकीय शिक्षा महाविद्यालय धर्मशाला के अंकित ने तृतीय स्थान प्राप्त कर संस्थान का गौरव बढ़ाया। इस विशेष कार्यक्रम में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो धर्मशाला से डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी देविंदर चौधरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बद्री सिंह, बच्चन सिंह, बिंदु कुमारी और अनिल कुमार ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।
भाषण प्रतियोगिता में विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों डाइट धर्मशाला, राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला, राजकीय अध्यापक शिक्षा महाविद्यालय धर्मशाला, अवस्थी कॉलेज ऑफ एजुकेशन धर्मशाला और द्रोणाचार्य कॉलेज ऑफ एजुकेशन रैत से विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी दिखाई। कॅरिअर परामर्श मार्गदर्शन और मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के सहयोग से राज्य स्तर पर सत्यनिष्ठा की संस्कृति से राष्ट्र की समृद्धि विषय पर इस प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी देविंदर चौधरी, डॉ. चारू शर्मा और डॉ. अतुल आचार्य शामिल थे।