चक्की खड्ड में अवैध खनन, सूख गईं पेयजल योजनाएं
पानी न मिलने से किसान परेशान, सीएम को भेजा ज्ञापन
लोगों ने पुलिस पर लगाया कार्रवाई न करने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
नूरपुर/कंडवाल (कांगड़ा)। क्षेत्र की चक्की खड्ड में अवैध खनन का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसके चलते नूरपुर उपमंडल की खन्नी बेल्ट के टीका पैल मौजा खन्नी ऊपरली, गुदली, चौगान और घरथाड़ा में जेसीबी मशीनों से हो रहे अंधाधुंध अवैध खनन के विरोध में अब किसान लामबंद हो गए हैं। शुक्रवार को भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष होशियार सिंह की अगुवाई में विभिन्न संगठनों ने चक्की खड्ड में हो रहे अवैध खनन पर अंकुश लगाने की मांग को लेकर एसडीएम नूरपुर डॉ. सुरेंद्र ठाकुर के माध्यम से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, उद्योग मंत्री विक्रम सिंह ठाकुर और विधायक राकेश पठानिया को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन की प्रतिलिपियां कांगड़ा के जिलाधीश, एसपी, खनन विभाग शिमला और डीएसपी नूरपुर को भी भेजी गईं। ज्ञापन में आरोप लगाया कि खनन माफिया क्षेत्र में जेसीबी मशीनों से अंधाधुंध अवैध खनन कर रहा है और हिमाचल की खड्डों से अवैध खनन कर उसे पंजाब के क्रशर मालिकों को बेच रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अवैध खनन के कारण पेयजल और सिंचाई योजनाएं हांफ चुकी हैं। खेत और श्मशानघाट के रास्ते बंद हो चुके हैं। पेयजल योजनाएं हांफने से लोगों को 4-5 दिन बाद पीने का पानी नसीब हो रहा है। गांववासियों ने चेताया कि यदि सरकार ने अवैध खनन पर तुरंत अंकुश न लगाया तो किसानों को मजबूरन भूख हड़ताल और धरने पर बैठना पड़ेगा। इस अवसर पर महिला मंडल खन्नी ऊपरली, महिला मंडल गुदली, नारी शक्ति महिला मंडल चौगान सहित भारतीय किसान संघ के पदाधिकारी और सदस्यों सहित गांववासी मौजूद रहे। एसडीएम नूरपुर सुरेंद्र ठाकुर ने गांववासियों को विश्वास दिलाया कि अवैध खनन को रोकने के लिए पुलिस और खनन विभाग को दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।
वीडियो भेजने पर भी पुलिस ने नहीं की कार्रवाई
उन्होंने बताया कि गांववासियों ने अवैध खनन का लाइव वीडियो बनाकर कांगड़ा के एसपी और नूरपुर के एसडीएम व डीएसपी को भेजा था लेकिन अभी तक खनन माफिया के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि जब पुलिस से मदद मांगी जाए तो पुलिस कहती है कि यह खनन विभाग का काम है। जब कभी कभार पुलिस की टीम आती है तो तब तक खनन माफिया खनन करके रफूचक्कर हो चुका होता है। पुलिस के जाने के बाद फिर अवैध खनन शुरू हो जाता है।