चुराह (चंबा)। कुंडालन जंगल में लॉट के तहत काटे जाने वाले चीड़ के 90 पेड़ आग की भेंट चढ़ गए। जंगल में शुक्रवार को अचानक आग भड़क गई। इसे बुझाने के लिए संबंधित वन रक्षक और दमकल विभाग की टीम जुटी रही।
पांच घंटे की मशक्कत के बाद जंगल में लगी आग को शांत किया जा सका। इतनी देरी में आग ने जंगल में गिरे हुए सूखे 90 चीड़ के पेड़ों को जलाकर राख कर दिया। ये पेड़ लॉट लगाकर स्लीपर में परिवर्तित करने के लिए वन निगम को रिपोर्ट भेजी गई थी। इससे पहले कि निगम इन पेड़ों को काटता, इससे पहले ही जंगल में आग भड़क गई। इसको लेकर वन रक्षक ने पुलिस थाना में रिपोर्ट भी दर्ज करवाई है। इसमें जंगल में अज्ञात कारणों से आग लगने का हवाला दिया गया है। साथ ही आग लगने से हुए नुकसान का विवरण भी दिया गया है।
हैरानी की बात है कि फायर सीजन में जंगल में आग से ये पेड़ नहीं जले, लेकिन सर्दी का मौसम शुरू होते ही जंगल में अचानक आग भड़क गई और लॉट में कटने वाले 90 पेड़ आग में जलकर राख हो गए। जंगल के 16 हेक्टेयर क्षेत्र में आग फैल गई। इसे बुझाने के लिए वन विभाग को दमकल विभाग की टीम की भी मदद लेनी पड़ी। स्थानीय लोगों ने भी आग को बुझाने में सहयोग दिया। वन विभाग ने आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की, लेकिन कोई ग्रामीण उन्हें आग लगने के बारे में जानकारी नहीं दे पाया। वन रक्षक दिनेश कुमार ने बताया कि जंगल में अज्ञात कारणों से लगी आग को लेकर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवा दी गई है।