जयसिंहपुर में फैला डायरिया
दर्जनों लोग आए चपेट में
स्वास्थ्य विभाग ने किया दौरा, घर-घर जाकर बांटे ओआरएस के पैकेट
आईपीएच विभाग भी हरकत में, एसडीओ अश्वनी ने लिया स्थिति का जायजा
अमर उजाला ब्यूरो
खैरा (कांगड़ा)। जयसिंहपुर उपमंडल की लाहट पंचायत के लणौत, गुंगड, गुग्गा, कर्यालखड़ गांवों में डायरिया फैल गया है। पंचायत के तीन दिन में दर्जनों लोग दस्त से ग्रस्त हैं। इसमें लाहट गुग्गा और गुंगड गांव में ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। आशंका जताई जा रही है कि बारिश के बाद दूषित जल पीने से ऐसी स्थिति बनी है।
विधित रहे कि संबंधित गांवों को पानी की आपूर्ति शिवनगर उठाऊ पेयजल योजना से रिसाव कुओं से लिफ्ट कर लद्दी में बनाए गए टैंक से की जाती है। वहीं सूचना लगते ही आईपीएच विभाग भी हरकत में आया तथा डरोह से एसडीओ अश्वनी शर्मा ने भी मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया। गुग्गा की अमिता, राकेश कुमारी, डिम्पी को आईवी ड्रिप ग्लूकोस और सुरेश, गजेंद्र, विमला, सुरेश, आदि को भी निजी चिकित्सकों के पास उपचार लेना पड़ा। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शनिवार को मौके पर पहुंच कर ओआरएस घोल, जिंक व दवाइयां देकर चिकित्सा व उपचार दिया। बीएमओ एसके भाटिया ने बताया कि विभाग की टीम दवाइयां ले कर गई थी तथा अभी स्थिति नियंत्रण में है।