बीहण में महिलाओं ने खाली बर्तन लेकर किया प्रदर्शन
पेयजल समस्या से गुस्साई महिलाओं ने आईपीएच के खिलाफ की नारेबाजी
बोलीं, जल्द समस्या हल न हुई तो होगा आंदोलन
अमर उजाला ब्यूरो
परागपुर (कांगड़ा)। क्षेत्र की बीहण पंचायत के वार्ड 6 की महिलाओं ने आईपीएच विभाग के खिलाफ खाली बर्तन लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान जमुना देवी, डिंपल, मोहिनी, बाला शर्मा, कुसुम, सोनिया, शारदा देवी, प्रेमलता और निशा ने शनिवार को खाली मटके लेकर विभाग के खिलाफ नारेबाजी की।
महिलाओं का आरोप है कि ब्लॉक परागपुर की बीहन पंचायत में पिछले दो महीने से पानी नहीं आ रहा है। वहीं, स्थानीय निवासी अरविंद शर्मा का कहना है कि विभाग को बार-बार सूचित करने पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीण मदन गोपाल का कहना है कि अगर बरसात न होती तो उन्हें पीने और नहाने को भी जल नहीं था। वहीं, अमित शर्मा का कहना है कि घर में अगर मेहमान आ जाएं तो मजबूरन पानी का टैंकर खरीदना पड़ता है। इस समस्या को लेकर गांव की औरतों का कहना है, कि अगर विभाग अब भी नहीं जागा तो मजबूरन आंदोलन करना पड़ेगा। एसडीओ डाडासीबा ने कहा कि पानी मुहैया करवाया जा रहा है। सिंचाई विभाग के अनुसार कम वोल्टेज की समस्या का कारण है, तो केवल 15 से 20 घरों में समस्या नहीं हो सकती है। इस संदर्भ में एसडीओ विद्युत डाडासीबा केएस पटियाल का कहना है कि वोल्टेज की समस्या लगातार नहीं है, क्योंकि जब कभी जसूर फीडर में कोई समस्या आती है तो हम हमीरपुर से सहायता लेते हैं।