धर्मशाला। वन रक्षकों के कुल 57 पदों के लिए की जा रही भर्ती के शारीरिक दक्षता परीक्षण की शुरुआत धर्मशाला के सिंथेटिक ट्रैक पर सोमवार को हो गई है। पहले दिन शारीरिक दक्षता परीक्षण के लिए बुलाए गए 1340 युवाओं में से केवल 735 युवक और युवतियां ही भर्ती स्थल पर पहुंचे। इनमें से 493 यानी 68 फीसदी युवा शारीरिक दक्षता परीक्षण में ही बाहर हो गए हैं। वहीं, पहले दिन 242 युवाओं ने शारीरिक दक्षता परीक्षण की बाधा को पार किया। इनमें 237 युवक जबकि पांच युवतियां शामिल हैं। इस तरह से भर्ती के पहले दिन करीब सत्तर फीसदी युवा शारीरिक परीक्षण की बाधा को पार करने से पहले ही हांफ गए। वन रक्षक भर्ती के लिए अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षण के तहत 100 मीटर, 800 मीटर दौड़, लांग जंप व हाई जंप सहित अन्य प्रक्रियाओं से गुजरना पड़ रहा है। गौरतलब है कि वनर क्षकों के कुल 57 पदों की भर्ती के लिए 46,687 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। मुख्य अरण्यपाल डीआर कौशल ने बताया कि इस भर्ती के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षण सोमवार 13 सितंबर से शुरू होकर 20 अक्तूबर तक रोजाना सिंथेटिक ट्रैक में चलेेगा। इसके लिए केवल अंतिम दिन 1127 अभ्यर्थियों को बुलाया गया है जबकि शेष सभी दिनों के लिए 1340-1340 अभ्यर्थियों को बुलाया गया है।
ग्राउंड में युवक की बिगड़ी तबीयत
सिंथेटिक ट्रैक में शुरू हुई वन रक्षक भर्ती के शारीरिक दक्षता परीक्षण के दौरान सोमवार से पहले दिन एक युवक की तबीयत बिगड़ गई। तबीयत बिगड़ने के बाद युवक को उपचार के लिए तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला ले जाया गया। डीएफओ डॉ. संजीव शर्मा ने बताया कि उपचार के बाद अब युवक की हालत सामान्य है।