धर्मशाला। ड्यूटी के दौरान अगर बिना वजह मोबाइल प्रयोग में लाया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। ड्यूटी में किसी भी प्रकार की कोई भी कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह बात शीतकालीन सत्र के लिए धर्मशाला पहुंचे विभिन्न बटालियनों के पुलिस जवानों को ब्रीफ करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कांगड़ा संतोष पटियाल ने कही।
उन्होंने कहा कि सत्र की सुरक्षा व्यवस्था को पहुंचे पुलिस जवानों को रविवार सुबह दोबारा रिहर्सल करवाई जाएगी। इसके बाद शाम के समय उन्हें ड्यूटियों पर तैनात कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि विस सत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा 743 पुलिस जवानों के हवाले होगा। वहीं 10 गजटेड आफिसर भी इस दौरान व्यवस्था देखेंगे। पटियाल के अनुसार धर्मशाला से तपोवन के क्षेत्र को 6 सेक्टरों में बांटा गया है। उन्होंने पुलिस जवानों को दो टूक कहा कि किसी भी सूरत में ड्यूटी के दौरान कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।