नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। नगरोटा बगवां में अब घर-घर से कूड़ा उठेगा। नप की घर-घर से कूड़ा उठाने की योजना के लिए प्रत्येक घर से 60 रुपये प्रतिमाह शुल्क लेने का निर्णय लिया है। नगर परिषद नगरोटा बगवां नवंबर माह से शहर में यह योजना शुरू करेगी। हालांकि, अभी तक व्यापारिक प्रतिष्ठानों से कूड़ा एकत्रित करने का शुल्क निर्धारित नहीं किया गया है। इसे बाद में निर्धारित किया जाएगा।
नगर परिषद अध्यक्ष स्वर्णा वालिया की अध्यक्षता में पार्षद और वार्ड कमेटियों के साथ हुई बैठक में शहर में डोर-टू-डोर कूड़ा एकत्रित करने की योजना को हरी झंडी दी गई। इसके अलावा मुख्य बाजार में अपनी दुकानों के आगे पॉलीथिन फेंकने वाले दुकानदारों का चालान करके जुर्माना बसूलने का निर्णय भी लिया गया है। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी चमन लाल कपूर ने बताया कि प्रत्येक घर से प्रतिमाह सफाई शुल्क वसूलने का निर्णय सभी वार्ड कमेटियों से बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया है। कूड़ा एकत्रित करते समय मौके पर ही शुष्क और नम कूड़े को अलग-अलग उठाया जाएगा। यह वसूली व्यवस्था पहली नवंबर से शुरू होगी। नप के दायरे में स्कूलों, बैंक, दुकानों, होटलों और रेस्तरां सहित अस्पताल आदि से कूड़ा एकत्रित करने की शुल्क की दरें बाद में तय की जाएंगी।
---