परिवार नकल को नहीं काटने पड़ेंगे पंचायत घर के चक्कर
पंचायत स्तर पर ऑनलाइन तैयार किया जा रहा परिवारों का डाटा
धर्मशाला ब्लाक में 90 फीसदी कार्य हुआ पूरा
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। लोगों को परिवार नकल के लिए अब पंचायत घरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। लोगों का डाटा पंचायत स्तर पर ऑनलाइन किया जा रहा है। इसके तहत जिला कांगड़ा में कार्य लगभग पूरा होने वाला है, जबकि धर्मशाला ब्लॉक में लोगों का डाटा ऑनलाइन करने का कार्य 90 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है। शेष कार्य को जल्द पूरा कर पंचायतीराज विभाग के रिकार्ड को ऑनलाइन कर दिया जाएगा।
इसके बाद लोग किसी भी लोक मित्र केंद्र अथवा ऑनलाइन अपने परिवार की नकल निकाल सकेंगे। जानकारी के अनुसार कई बार पंचायत में सचिव उपलब्ध नहीं होते, ऐसे में लोगों को पंचायत घरों के बार-बार चक्कर काटने पड़ते हैं। लोगों की इस समस्या को दूर करने के लिए ही प्रदेश सरकार ने पंचायतों के रिकॉर्ड को ऑनलाइन करने का निर्णय लिया है। बताया जा रहा है कि डाटा बीपीएल, एपीएल और अन्य श्रेणियों में शामिल परिवारों का अलग-अलग फीड किया जा रहा है, जिससे कि परिवार नकल ऑनलाइन आसानी मिल सके।
बाक्स
यहां पड़ती है परिवार नकल की जरूरत
जानकारी के अनुसार परिवार नकल की जरूरत हिमाचली प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, परिवार से अलग राशनकार्ड बनवाने और अन्य प्रकार के प्रमाण पत्रों के लिए परिवार नकल की जरूरत पड़ती है। इसके अलावा राजस्व विभाग से संबंधित अन्य कई कार्यों के लिए भी परिवार नकल की जरूरत होती है।
-प्रदेश भर में पंचायत रिकॉर्ड को ऑनलाइन करने का कार्य शुरू हो चुका है। इसके तहत धर्मशाला ब्लॉक के तहत आतीं पंचायतों के रिकॉर्ड को ऑनलाइन करने का कार्य 90 प्रतिशत तक पूरा कर लिया गया है। -अभिनीत कात्यायन, बीडीओ, धर्मशाला