नूरपुर में संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार पर होगा राष्ट्रीय मंथन
संवाद न्यूज एजेंसी
सुलयाली/नूरपुर (कांगड़ा)। संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार और संगठनात्मक गतिविधियों को नई दिशा देने के उद्देश्य से संस्कृत भारती की दो दिवसीय अखिल भारतीय गोष्ठी 31 अक्तूबर और एक नवंबर को वीपीएम इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग, मलकवाल (नूरपुर) में आयोजित की जाएगी। गोष्ठी का शुभारंभ राज्यपाल कविंद्र गुप्ता मुख्यातिथि के रूप में करेंगे। इसमें देशभर से करीब 480 से 500 पदाधिकारी, कार्यकर्ता और प्रतिनिधि भाग लेंगे।
संस्कृत भारती के अखिल भारतीय प्रचारक प्रमुख आशीष देव पुजारी ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता में बताया संगठनात्मक बैठकों का सिलसिला 29 अक्तूबर से शुरू हो चुका है। 29 अक्तूबर को अखिल भारतीय लघुगण बैठक, 30 अक्तूबर को अखिल भारतीय कार्यगण गोष्ठी, 31 अक्तूबर और एक नवंबर को अखिल भारतीय गोष्ठीऔर दो नवंबर को पूर्णकालिक कार्यकर्ता गोष्ठी होगी। आयोजन के संचालन के लिए करीब 250 प्रबंधक और स्वयंसेवक तैनात रहेंगे। परिसर में ऐतिहासिक, धार्मिक और प्रादेशिक विषयों पर विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। गोष्ठी में करीब 10 विषयगत सत्र होंगे तथा संगठनात्मक दायित्वों, योजनाओं और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा के लिए 17 स्थानों पर बैठकें आयोजित की जाएंगी। समापन सत्र में बैठकों के निष्कर्ष प्रस्तुत कर कार्यकर्ताओं की जिज्ञासाओं का समाधान किया जाएगा। प्रेसवार्ता में पूर्व मंत्री राकेश पठानिया सहित संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।