बैजनाथ (कांगड़ा)। जिला की सबसे दुर्गम पंचायत बड़ा भंगाल में पोलिंग बूथ की स्थापना को लेकर प्रक्रिया शुरू हो गई है। एसडीएम देवी चंद ठाकुर ने पोलिंग बूथ की स्थापना को लेकर निर्वाचन आयोग के उच्च अधिकारियों को इस संबंध में अवगत करवाया है। अब जल्द ही निर्वाचन आयोग से पोलिंग बूथ की स्थापना को लेकर निर्देश जारी होने के बाद बूथ की स्थापना को लेकर टीम बड़ा बंगाल का दौरा करेगी।
इस दुर्गम पंचायत के 463 मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे। इस पंचायत के मतदाताओं के लिए बीड़ और बड़ा भंगाल में मतदान केंद्र की सुविधा प्रदान होती रही है। इनमें से अधिकांश मतदाता बीड़ में अपने मत का प्रयोग करते हैं, जबकि बड़ा बंगाल में पूर्व के चुनावों में 50 के करीब मतदाता ही अपने मत का प्रयोग करते रहे हैं। विधानसभा चुनाव सर्दियों के सीजन में होने के कारण बड़ा भंगाल में मतदाताओं की संख्या का आंकड़ा कम रहता है। लोकसभा चुनाव जून में होने के कारण मतदाताओं की संख्या का आंकड़ा अधिक रहने की उम्मीद है। चुनाव आयोग इस दुर्गम पंचायत के मतदाताओं के मतदाताओं के लिए हेलिकॉप्टर का प्रयोग करता आया है। बड़ा भंगाल तक पहुंचने के लिए तीन दिन का पैदल सफर तय करना पड़ता है और 15 अप्रैल के बाद गर्मियों में लोग बड़ी संख्या में बीड से बड़ा भंगाल को कूच कर जाते हैं और इस सीजन में उच्च विद्यालय भी बड़ा भंगाल में चलता है। एसडीएम देवी चंद ठाकुर ने बताया कि बड़ा भंगाल में पोलिंग बूथ की स्थापना को लेकर निर्वाचन आयोग के निर्देश के तहत आगामी कार्रवाई की जाएगी।