धर्मशाला। जिला कांगड़ा में रविवार को 66 विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर स्वर्ण जयंती मिडल मेरिट छात्रवृत्ति परीक्षा का आयोजन हुआ। इस दौरान 3,332 के करीब परीक्षार्थियों ने हिस्सा लिया। प्रारंभिक शिक्षा विभाग कांगड़ा के उपनिदेशक अजय सम्याल ने बताया कि स्वर्ण जयंती मिडिल मेरिट छात्रवृत्ति योजना के तहत पहले चरण की परीक्षा का आयोजन प्रदेश में करीब 400 परीक्षा केंद्रों पर हुआ है, जिसमें हजारों विद्यार्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई है। इसी कड़ी में जिला कांगड़ा में इस परीक्षा के आयोजन के लिए विभिन्न स्कूलों में 66 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जहां पर 3,332 के करीब अभ्यर्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई है।
उल्लेखनीय है कि परीक्षा का पहला चरण एक स्क्रीनिंग टेस्ट था, जिसमें छात्रों की बुनियादी विषयों की समझ और तार्किक क्षमता का मूल्यांकन किया गया। परीक्षा में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 500 छात्रों को अगले चरण के लिए चुना जाएगा। दूसरे चरण में चयनित छात्रों में से प्रत्येक जिले के लिए निर्धारित कोटे के अनुसार सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वाले 100 छात्रों को छात्रवृत्ति दी जाएगी। चयनित विद्यार्थियों को छठी कक्षा में 4000 रुपये प्रति माह, सातवीं में 5000 रुपये और आठवीं कक्षा में 6000 रुपये प्रति माह की सहायता प्रदान की जाएगी। यह छात्रवृत्ति तीन वर्षों तक जारी रहेगी।