नूरपुर में गत तीन वर्ष से बनकर तैयार मातृ शिशु अस्पतालफोटो स्त्रोत:संवाद
जसूर (कांगड़ा)। नागरिक अस्पताल नूरपुर के मातृ-शिशु अस्पताल के लिए प्रदेश सरकार ने 3.18 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है। इससे नूरपुर और आसपास के क्षेत्रों में मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ होने की उम्मीद जगी है।
मातृ-शिशु अस्पताल का शिलान्यास वर्ष 2017 में तत्कालीन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की नेतृत्व वाली सरकार के कार्यकाल में हुआ था। इसके बाद भाजपा सरकार के कार्यकाल में भवन निर्माण पूरा हुआ, लेकिन अस्पताल को पूरी तरह क्रियाशील बनाने के लिए अतिरिक्त धनराशि की आवश्यकता बनी रही।
पिछले तीन वर्षों में यही वजह रही कि अस्पताल शुरू नहीं हो पाया और यहां आए उपकरण ऊना जिले में स्थानांतरित कर दिए गए। पिछले वर्ष सरकार ने इसके लिए करीब डेढ़ करोड़ रुपये जारी किए थे। अब 3.18 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिलने से परियोजना तेजी से अंतिम चरण की ओर बढ़ेगी और नूरपुर की जनता की अस्पताल शुरू होने की उम्मीद फिर से जागी है।
नूरपुर के पूर्व विधायक अजय महाजन ने कहा कि मातृ–शिशु अस्पताल का मुद्दा लगातार प्रदेश सरकार के समक्ष उठाया गया। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और स्वास्थ्य मंत्री धनी राम शांडिल का नूरपुर की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि जल्द ही यह अस्पताल पूरी तरह कार्यात्मक होकर क्षेत्र की बड़ी स्वास्थ्य जरूरतों को पूरा करेगा।