बैजनाथ (कांगड़ा)। पर्यटन की दृष्टि से विकसित हो रहे बीड़ बिलिंग क्षेत्र के बीड़ क्योरी पटवार वृत के तहत आने वाली चार पंचायतों बीड़, गुनेहड़, क्योर और चौगान को नगर पंचायत का दर्जा मिलने का रास्ता साफ हो गया है। प्रदेश सरकार ने 13 नवंबर को प्रदेश सरकार के राजपत्र में इसकी अधिसूचना जारी की थी और उसके बाद दो सप्ताह के समय में लोगों से आपत्तियां मांगी गई थी। 25 नवंबर को पूरी हुई समय सीमा के मध्य आपत्तियां दर्ज नहीं हुई हैं।
बीड़ और क्योरी पटवार वृत के तहत आने वाले गांव बीड़ खास, चौगान, कोटली, गुनेहड़, बिलिंग, क्योरी, सजा, बाड़ी और घोड नाला नगर पंचायत के दायरे में आएंगे। इन चार पंचायतों में छह हजार के करीब मतदाता आते हैं और 10 हजार के आसपास इन पंचायतों की आबादी है।
इसके अतिरिक्त तीन हजार तिब्बती हैं, जबकि दो से तीन हजार पर्यटकों का आना-जाना लगा रहता है। साहसिक खेल पैराग्लाइडिंग के लिए विश्व प्रसिद्ध बीड़ बिलिंग के आसपास 200 से अधिक होटल होम स्टे और गेस्ट हाउस मौजूद हैं। नगर पंचायत का दर्जा मिलने से इन पंचायतों के लोगों को साडा से मुक्ति मिलेगी और विकास कार्यों के लिए पंचायतों से अधिक बजट उपलब्ध होगा।
वहीं, छह माह से अधिक का समय इसकी अनुमति के लिए लग जाता था और पालमपुर या बैजनाथ आना पड़ता था। अब लोगों की बीड़ में ही इन निर्माण कार्यों की अनुमति मिलेगी। एसडीएम संकल्प गौतम ने बताया कि नगर पंचायत के विरोध अब तक आपत्तियां प्राप्त नहीं हुई हैं। अब आगामी कार्रवाई शुरू की जाएगी। संवाद